बागेश्वर। कठपुड़ियाछीना के धूराफाट क्षेत्र के 70 गांवों की बिजली लाइन में फॉल्ट आने से गुल हो गई है। ग्रामीणों ने पूरी रात बिना बिजली के गुजारी। वहीं क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
धूराफाट क्षेत्र के बोहाला, कभड़ा, असों, पाना, रैखोली, सिया, सैंज, पारखेत, बल्यूटा, तरमोली, कठानी, तरमोली, नंदीगांव को जोड़ने वाली बिजली की लाइन शनिवार को खराब हो गई। लाइन में खराबी आने के बाद पूरे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। रविवार को भी बिजली बहाल न होने से दिन के समय कुटीर और लघु उद्योग बंद रहे।
ग्रामीणों के मोबाइल भी चार्ज न होने से बंद हो गए। लोग मनोरंजन के साधनों के साधनों का उपयोग भी नहीं कर सके। जिला पंचायत सदस्य चंदन सिंह रावत, मोहन सिंह रावत, गोविंद सिंह, गोपाल सिंह आदि ने बताया कि क्षेत्र की पंपिंग पेयजल आपूर्ति भी बिजली पर निर्भर है।
बिजली गुल होने से पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई है। उन्होंने जल्द बिजली बहाल कराने की मांग की। इधर, ऊर्जा निगम के ईई भाष्कर पांडेय ने कहा कि लाइन में खराबी आने से बिजली बाधित है। कर्मचारी लाइन की मरम्मत में जुटे हैं। जल्द बिजली बहाल करा दी जाएगी।
सल्ट में कट रही बिजली से ग्रामीण परेशान
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से ऊर्जा निगम कई बार बिजली की आपूर्ति रोक रहा है। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सल्ट तहसील क्षेत्र में एक हफ्ते से कई बार तेज बारिश हो रही है। तेज हवा भी चल रही है।
इस वजह से यहां पर छह से आठ घंटे तक बिजली की आपूर्ति रुक रही है। तहसील क्षेत्र के शशिखाल पावर हाउस से जुड़े कई गांव इस वजह से प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने की मांग की है।