बागेश्वर। नियमितीकरण की मांग को लेकर एनएचएम के संविदा कर्मियों का विरोध प्रदर्शन रविवार 11वें दिन भी जारी रहा। कर्मियों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को राखी भेजकर उनकी मांग शीघ्र पूरी करने की मांग की। सभा में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक दिन के लिए आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी के कार्यालय प्रांगण में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके नियमितीकरण की घोषणा की थी। लेकिन घोषणा आज तक पूरी नहीं हो सकी है। वक्ताओं ने कहा कि बीते वर्ष 19 सितंबर और इस साल 22 मई को देहरादून में आयोजित अधिवेशन में मुुख्यमंत्री हरीश रावत ने कर्मियों के नियमितीकरण की घोषणा की थी।
लेकिन तब से मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वह पूरी निष्ठा से संविदा पर काम करते आ रहे हैं। अल्प वेतन के कारण उनके सारे काम प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
धरना प्रदर्शन में अनूप कांडपाल, सरोज मेहता, प्रियंका कांडपाल, देवेंद्र सिंह, विपिन चंद्र पांडे और चंपा आर्या डॉ. भूपेंद्र गंगवार, डॉ. पुष्कर भंडारी, नीरज उपाध्याय, रेखा मेहरा, सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, गिरीश चंद्र, भूपेश उपाध्याय शामिल थे।