बागेश्वर। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। मंगलवार को सांकेतिक प्रदर्शन के बाद कर्मचारी पूरा दिन होम आइसोलेशन में रहे। एनएचएम कर्मियों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी भी दी।
एनएचएम कर्मी लंबे समय से वेतन विसंगति दूर करने, सामाजिक सुरक्षा के तहत कर्मचारियों का बीमा करवाने, नर्सिंग स्टाफ में वरीयता के आधार पर नियुक्ति किए जाने, आउटसोर्स को हटाकर कर्मचारियों को सीधे एनएचएम से नियुक्ति देने, रॉयल्टी बोनस में कटौती का विरोध सहित नौ सूत्रीय मांग उठा रहे थे। विगत 28 मई से कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन के तहत बांह पर काला फीता बांधकर कार्य कर रहे थे और उन्होंने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर पूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी थी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष भुवन जोशी ने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार और बुधवार को दो दिन तक पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी सांकेतिक विरोध जताकर पूरा दिन होम आइसोलेशन में रहेंगे। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। सांकेतिक प्रदर्शन में संरक्षक अनूप कांडपाल, नवीन साही, सुरेश कुकरेती, मनोज पुरोहित, नीरज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।