कपकोट/बागेश्वर। विकासखंड के बिचला दानपुर क्षेत्र की दो सड़कों के निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। शासन से इन सड़कों के निर्माण के लिए पांच करोड़ उन्नीस लाख रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढि़या ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत खड़लेख-भनार सड़क के किमी 10 से आगे धरमघर-माजखेत सड़क का घुरड़िया बैंड तक मिलान किया जाना है। इस सड़क के दूसरे चरण में होने वाले पांच किमी निर्माण के लिए 2,81,50,000 रुपये की मंजूरी मिली है। खड़लेख-भनार-डाना-टिकटा चार किमी लंबे सड़क के नवनिर्माण के लिए 2,37,70,000 रुपये मंजूर हुए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई गांव सड़क सुविधा से जुड़ गए हैं। दूरस्थ क्षेत्र के गांवों को भी सड़क से जोड़ने के लिए कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रवसियों ने सड़कों के लिए राशि मंजूर होने पर खुशी जताई है।
पालड़ीछीना-कंगाड़छीना सड़क के लिए 3.30 करोड़ स्वीकृत
बागेश्वर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत पालड़ीछीना-चनौली-जैन करास-कंगाड़छीना सड़क पर ग्राम नोली से जैनकरास तक चार किमी हिस्से में डामरीकरण होगा। इसके लिए राज्य योजना के तहत तीन करोड़ तीस लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। अपर सचिव विनीत कुमार ने शासनादेश जारी होने की सूचना प्रमुख अभियंता लोनिवि को दी है। समाज कल्याण मंत्री क्षेत्रीय विधायक चंदन राम दास ने बताया कि इसके लिए जल्द टेंडर करा सड़क पर डामरीकरण कराया जाएगा। बजट मंजूर होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और समाज कल्याण मंत्री चंदन राम दास का आभार जताया है।