बागेश्वर। जब से सूपी गांव को सांसद आदर्श गांव का ओहदा मिला है, वहां विकास की गाड़ी की रफ्तार भी तेज हो गई है। गांव को जोड़ने वाली सड़क के डामरीकरण के लिए दो बार सोलिंग हो चुका है। जीआईसी और एएनएम सेंटर के नलों में पानी आने लगा है। पंचायत घर की कायापलट हो चुकी है।
कृषि, पशुपालन, मुर्गीपालन के क्षेत्र में कई काम हो रहे हैं, जबकि पर्यटकों की सुविधा के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से हट्स बन चुके हैं। गांव में अनेक पगडंडियों का निर्माण होने के साथ ही ही वहां ग्राम्या से 1.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
बता दें कि 14 अगस्त को लॉटरी पद्धति से कपकोट ब्लॉक के सुदूरवर्ती सूपी गांव को सांसद आदर्श गांव का ओहदा मिला था। 15 नवंबर 2014 को सांसद अजय टम्टा ने गांव में आयोजित कार्यक्रम में इसकी विधिवत शुरूआत की थी। गांव को पहले अटल आदर्श गांव का भी तमगा मिल चुका है। इसके तहत गांव को पीएमजीएसवाई के तहत सड़क से जोड़ा गया, लेकिन डामरीकरण नहीं हो सका था। गांव को सांसद आदर्श गांव का ओहदा मिलते ही वहां विकास कार्य हर तरफ हो रहे हैं।
ये कार्य हो चुके हैं सांसद आदर्श सूपी गांव में
- पीएमजीएसवाई की 15 किमी लंबी बावे बैंड से सूपी पतियासार सड़क के डामरीकरण के लिए दो बार सोलिंग कार्य।
- 49 लाख रुपये की लागत से पेयजल निगम की ओर से चिल्ठा से गोलटाई तक योजना का पुनर्निर्माण कार्य, जीआईसी, एएनएम सेंटर और तल्ला सूपी प्राइमरी स्कूल तक पेयजल लाइन का निर्माण।
- पशुपालन की ओर से 127 लोगों को मुर्गी पालन के संसाधन, चार पशुपालकों को 10-10 मादा और एक एक नर भेड़ और अनुसूचित जाति के दो पशुपालकों को दो-दो दुधारू गाय।
- कृषि विभाग की ओर से 10 बर्मी पिट, 50 बर्मी कंपोस्ट, 30 नाद, पांच क्विंटल धान और गेहूं का बीज वितरण।
- उद्यान विभाग की ओर से 13 हजार ग्रीष्म और शीतकालीन फल पौधों का वितरण।
- उरेडा की ओर से एएनएम सेेंटर में गीजर प्लांट और गांव में 30 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
- मनरेगा के तहत सात लोगों को मछली तालाब के निर्माण के लिए 48-48 हजार जबकि मत्स्य विभाग की ओर से 12-12 हजार रुपये दिए गए हैं।
- मनेरगा से 10 लाख रुपये की लागत से राजीव गांधी सेवा केेंद्र की कायाकल्प, एक-एक लाख रुपये की लागत से पांच खड़जों का निर्माण, 35-35 हजार रुपये की लागत से सात बकरी बाड़ों का निर्माण।
- पंचायत राज विभाग की ओर से पंचायत घर के पुनर्निर्माण के लिए दो लाख रुपये, 30-30 हजार रुपये से तीन जलधाराओं का निर्माण, 50-50 हजार रुपये की लागत से तीन महिला स्नानागार सात लाख रुपये की लागत से 12 खंड़जों का निर्माण।
- साक्षर भारत अभियान देहरादून की ओर से दो कंप्यूटर, 30 चेयर, चार कंप्यूटर टेबल, चार अलमारी और दो प्रोजेक्टर मिले हैं।
- ग्राम पंचायत में अब तक 13 इंद्रा आवास और दो लोगों को दीन दयाल उपाध्याय आवास मिले है।
- आरसेटी, उद्योग, खादी ग्रामोद्योग और जन शिक्षण संस्थान की ओर से रोजगारपरक प्रशिक्षण शिविर लगाए गए।
- वर्षों पूर्व निर्मित जीआईसी भवन और प्राइमरी स्कूल तल्ला सूपी के भवनों का निर्माण पूर्ण होकर हस्तगत।
यह समस्याएं हैं अब भी जस की तस
- राजकीय इंटर कॉलेज सूपी में प्रधानाचार्य, शिक्षकों, लिपिक और स्वच्छक के पद खाली हैं।
- राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा।
- चार आंगनबाड़ी केंद्र भवन नहीं होने के अलावा आंगनबाड़ी केंद्र तलाई में मुख्य कार्यकत्री का पद है खाली।