फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

 कपकोट का बाछम बना सांसद आदर्श गांव

Sun, 02 Oct 2016 11:33 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, बागेश्वर
विज्ञापन
बाछम गांव में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा । - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत कपकोट तहसील का दूरस्थ बाछम गांव चयनित किया गया है। गांधी जयंती के मौके पर गांव पहुंचे राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने गांव की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर उन्होंने जनता को जल्दी ही जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन देते हुए 2019 तक गांव को सुविधा संपन्न बनाने की बात कही।
विज्ञापन


सांसद आदर्श गांव में चयन करने के बाद अधिकारियों के साथ बाछम गांव पहुंचे सांसद प्रदीप टम्टा का स्थानीय जनता ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने गांव में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मूर्तियों का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर गांव के विकास की रूपरेखा तय की। सांसद ने गांव की भौगोलिक स्थिति के साथ ही वहां पर मौजूद सुविधाओं की जानकारी भी ली।

उन्होंने कहा कि गांव में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, संचार, पेयजल, सड़क सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने विधान सभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।  जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने प्रदेश सरकार के साथ ही जिला पंचायत की ओर से चल रहे विकास कार्यों से अवगत कराया। समारोह में लगभग 25 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सज्जन लाल टम्टा, बाछम के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित कई पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे। 
विज्ञापन


बाछम में नहीं है संचार सुविधा
बागेश्वर। जिला मुख्यालय से बाछम गांव की दूरी लगभग 71 किमी है। सांसद आदर्श गांव योजना में चयनित बाछम गांव में आज तक संचार की कोई सुविधा नहीं है। टावर नहीं होने से मोबाइल फोनों में सिग्नल नहीं आते हैं। ऐसे में लोगों को संचार संपर्क के लिए ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है। लेकिन इन स्थानों पर भी हर समय सिग्नल नहीं मिलते हैं। चिकित्सा और शिक्षा के भी इंतजाम नहीं हैं। सांसद आदर्श गांव में चयनित होने से यहां के निवासियों को जल्दी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें