बागेश्वर/गरुड़। विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं की शत प्रतिशत भागीदारी के लिए निर्वाचन आयोग तमाम प्रयास कर रहा है। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर के तहसील मार्ग में दीवार चित्रण किया गया। स्वीप के निर्देशन में विद्यार्थियों ने दीवार पर जागरूकता संबंधी चित्र और संदेश अंकित किए।
वाॅल पेंटिंग का शुभारंभ करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराधा पाल ने चित्रकारी में हाथ आजमाया। कला समन्वयक राजेश्वरी कार्की के निर्देशन में राइंका, राबाइंका बागेश्वर, राइंका मंडलसेरा, कंट्रीवइड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों और डॉ. हरीश दफौटी, मिलिंद बिष्ट, हिमांशु चौबे आदि ने दीवार पर चित्रण किया। कार्यक्रम का निर्देशन स्वीप के सहायक नोडल आलोक पांडेय ने किया।
स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी कैलाश प्रकाश चंदोला ने बताया कि जिले के अन्य स्थानों पर भी मतदाता जागरूकता के तहत दीवार चित्रण किया जाएगा। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी पाल और एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान की भी शुरूआत की।
इधर, राइंका गरुड़ में मतदाता साक्षरता क्लब की ओर से शत प्रतिशत मतदान को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। प्रधानाचार्य दीवान सिंह पछाई और स्वीप के ब्लॉक प्रभारी उमेश जोशी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने लोगों से अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। इस मौके पर जीपी कुनियाल, नीरज पंत, सुरेश खोलिया, मोहन जोशी आदि मौजूद रहे।
ईवीएम, वीवीपैट का पहला रेंडमाइजेशन संपन्न
बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अनुराधा पाल की अध्यक्षता में ईवीएम और वीपीपैट मशीनों का पहला रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में विधानसभा उपचुनाव के लिए 381 सीयू (कंट्रोल यूनिट) 380 बीयू (बैलेट यूनिट) और 380 वीवीपैट मशीनों का रेंडमाइजेशन हुआ। चुनाव में बीयू मतदान के लिए और वीपीपैट मशीन मतदान की पुष्टि की जाती है। इस मौके पर एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र आर्या, भाजपा के प्रतिनिधि पंकज मेहता, कांग्रेस के सुंदर सिंह रौतेला, सपा के दीवान सिंह मलड़ा, लोजपा के मुकेश तिवारी, ईवीएम नोडल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद