बागेश्वर के जारती गांव में बारिश से क्षतिग्रस्त हुई गोशाला। संवाद
बागेश्वर। बारिश से एक मकान ध्वस्त हो गया जबकि एक गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। भूस्खलन और मलबा आने से बंद हुईं पांच सड़कों पर अब भी यातायात सुचारु नहीं हो सका है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार विगत दिनों हुई बारिश से अनर्सा के सन तोक निवासी जगदीश राम पुत्र अन राम का आवासीय घर क्षतिग्रस्त हो गया। दुग नाकुरी तहसील क्षेत्र के जारती गांव निवासी अनी राम पुत्र बची राम के आवासीय मकान से लगी गोशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई। गोशाला टूटने से एक बकरी की उसमें दबकर मौत हो गई।
जिले में फिलहाल बारिश थमी है, बावजूद इसके लंबे समय से बंद हुई सड़कों पर यातायात सुचारु होने का इंतजार है। चार जुलाई से बंद काफलीकमेड़ा, 26 जुलाई से बंद कठपुड़ियाछीना-नायलमाफी, 29 जुलाई से बंद बड़ेत, आठ अगस्त से बंद अनर्सा-उडियारकुड़ी और 14 अगस्त से बंद हुई रिखाड़ी-वाछम सड़क को अब तक नहीं खोला जा सका है। संवाद