शव एक सप्ताह से अधिक पुराने होने की आशंका
पोस्टमार्टम में मृतकों के शव एक सप्ताह पुराने होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के पैनल में शामिल डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि शव करीब एक सप्ताह से पुराने हैं। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने होली के बाद से मृतकों को न देखे जाने की बात बृहस्पतिवार को घटनास्थल पर पुलिस को बताई थी। डॉक्टरों की बात से इस बात की पुष्टि हुई है। यानी कि चारों की मौत होली के आसपास या होली के बाद हुई है।
फर्जी नाम से विख्यात था परिवार का फरार मुखिया
परिवार का मुखिया भूपाल राम के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी का केस पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार वह कई लोगों से ठगी कर चुका था। इसी कारण लोगों और पुलिस से छुपता-छुपाता था। आसपास के लोगों के अनुसार वह फर्जी के नाम से विख्यात है। उसकी हरकतों के कारण परिवार के घोर आर्थिक तंगी में होने की बात सामने आ रही है।
होली के दिन दिखाई दिया था भूपाल
प्लंबर राजेंद्र सिंह ने एसपी को बताया कि भूपाल राम होली के दिन यानि कि 8 मार्च को घर के आसपास दिखाई दिया था। परिवार के अन्य लोगों को उसने नहीं देखा। मकान एकांत में होने से गांव के अन्य लोगों का उधर, आना-जाना कम होता था।
बड़ी बेटी रहती है चाचा के साथ
मासूम भास्कर, अंजलि, कृष्णा समेत भूपाल राम के चार बच्चे थे। भनार के प्रधान भूपाल आर्या के अनुसार भूपाल राम की सबसे बड़ी बेटी पूजा (17) बचपन से ही अपने चाचा मनोहर राम के साथ हल्द्वानी में रहती है। उन्होंने बताया कि मनोहर पुलिस में कार्यरत है। प्रधान के अनुसार पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने कभी भी भूपाल राम को गांव में नहीं देखा। वह करीब 15 साल से बाहर ही रहता था। भूपाल राम के पिता हर राम, माता उदिमा देवी भनार गांव में रहते हैं। प्रधान के अनुसार भूपाल की माता-पिता से भी नहीं बनती है। उसकी आदतों के कारण गांव के लोग भी उसे पसंद नहीं करते हैं।
महिला आयोग ने डीएम, एसपी ने मांगी रिपोर्ट
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह ने डीएम और एसपी से घटना की रिपोर्ट तलब की है। साह ने घटना को भयावह बताया है। उन्होंने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।
गमगीन माहौल में बागेश्वर में हुआ अंतिम संस्कार
चारों मृतकों का गमगीन माहौल में सरयू श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। अंत्येष्टि में मृतक महिला के मायके पक्ष के लोगों के साथ ही ससुराल पक्ष के लोग भी शामिल थे। मृतका नीमा देवी का मायका जिले के गांसी गांव में है। दिनभर पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लोगों का तांता लगा रहा।