बागेश्वर से धपोलासेरा के लिए जा रही रोडवेज की बस में बैठीं सवारियां। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। सरकार की ओर से पुराना किराया लागू करने के निर्देश जारी होने के बाद भी तमाम जगहों पर टैक्सी चालक दोगुने से अधिक किराया वसूल रहे हैं। वहीं, रोडवेज और केमू की बसों में पुराना किराया लागू हो गया है लेकिन बसें अब भी सवारियों के लिए तरस रही हैं।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे रोडवेज की बागेश्वर से धपोलासेरा के लिए गई बस को केवल 12 यात्री मिले। यह बस भद्रकाली से दिल्ली के जाती है लेकिन सवारियों के अभाव में लोकल में चल रही है। रोडवेज की बागेश्वर से देहरादून, बागेश्वर से हल्द्वानी वाया रानीखेत, अल्मोड़ा वाया ताकुला, हल्द्वानी वाया गरुड़ और बागेश्वर से हल्द्वानी वाया ताकुला के लिए चली बसों को भी पांच से दस सवारियां ही मिलीं। इसके अलावा दो-चार सवारी लोकल दूरी के लिए मिल रही हैं।
वहीं, केमू की बागेश्वर से हल्द्वानी वाया ताकुला और बागेश्वर से हल्द्वानी वाया गरुड़ के लिए चलीं आठ बसों में से प्रत्येक पांच से सात सवारियां ही मिलीं। यात्रियों ने टैक्सी चालकों पर मनमाना किराया वसूलने का आरोप लगाया, जिसे चालकों ने नकारा है। टैक्सी चालकों का कहना है कि सवारियां नहीं मिलने से तेल का खर्चा निकालना मुश्किल हो रहा है।
लोगों से बातचीत
सुबह आठ बजे मोहननगर से बागेश्वर के लिए टैक्सी में बैठा। वाहन चालक ने पुराना किराया लागू होने के बाद भी 80 रुपये किराया लिया। जबकि मोहननगर से बागेश्वर का पुराना किराया 50 रुपये है। - सीएस दफौटी
-
मैं सुबह करीब साढ़े आठ बजे दफौट से बागेश्वर आने के लिए टैक्सी में बैठा। दफौट से बागेश्वर का पुराना किराया 40 रुपये है लेकिन सरकार के निर्देश के बाद भी टैक्सी चालक ने मुझसे 100 रुपये लिए। - गोविंद सिंह
-
मैं टैक्सी से घिघारतोला से बागेश्वर आई हूं। बागेश्वर में बैंक का काम था। पहले बागेश्वर तक का किराया 70 रुपये लिया जाता था। आज टैक्सी चालक ने 150 रुपये किराया लिया। - हीरा देवी