बागेश्वर। जिला मुख्यालय के ज्वालादेवी और सैम मंदिर वार्ड में पूरे दिन बिजली गुल रही। आपूर्ति बाधित रहने से कार्यालयों में कामकाज पर असर पड़ा। व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। बंदर को करंट लगने के बाद लाइन में फॉल्ट आने से बिजली गुल हुई थी जिसे ठीक करने में कर्मचारियों को आठ घंटे से अधिक का समय लग गया।
बुधवार सुबह नौ बजे ज्वालादेवी और सैम मंदिर वार्ड की बिजली गुल हो गई थी। पहले लोगों ने इसे रोजाना की तरह कुछ घंटे की अघोषित कटौती समझा लेकिन दोपहर तक आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर विभागीय अधिकारियों को फोन लगाने शुरू किए। बावजूद इसके कोई लाभ नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने बताया कि हाइडिल के पास ही एक बंदर बिजली के तार से चिपक गया था। उसके लाइन की चपेट में आने के बाद से ही बिजली गुल हो गई। पूरे दिन बिजली बाधित रहने से दोनों वार्ड में रहने वाली पांच हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
-
कोट
एसडीओ राजस्व वसूली में बिजी थे। वह बोर्ड परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले कार्यक्रम में गए थे। कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार फीडर में खराबी आने से बिजली गुल थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे आपूर्ति सुचारू की गई। -मोहम्मद अफजाल, ईई