गरुड़ (बागेश्वर)। कत्यूर घाटी के केंद्र सीएचसी बैजनाथ में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की कवायद तेज हो गई है। अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही एक्स-रे की समस्या को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई और आधुनिक एक्स-रे मशीन स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया है।
बैजनाथ सीएचसी पर गरुड़ तहसील सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों की एक बड़ी आबादी स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्भर है। अस्पताल में लगी पुरानी एक्स-रे मशीन के बार-बार तकनीकी खराबी आने के कारण यहां आने वाले मरीजों, विशेषकर दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों और अस्थि रोगियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मजबूरन मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए जिला अस्पताल और निजी केंद्रों के चक्कर काटने पड़ रहे थे, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा था। स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय से अस्पताल में नई एक्स-रे मशीन की मांग की जा रही थी।
......कोट
बैजनाथ सीएचसी में पुरानी मशीन की दिक्कतों को देखते हुए शासन स्तर से नई आधुनिक एक्स-रे मशीन स्वीकृत की गई है। एक्स-रे रूम में लेड कोडिंग वाले दरवाजे लगाने और अन्य तकनीकी सिविल कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। यह कार्य जैसे ही पूरा हो जाएगा, वैसे ही नई मशीन को वहां स्थापित कर सुचारू कर दिया जाएगा।
.....डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ बागेश्वर