क्षेत्र पंचायत बागेश्वर की बैठक ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के कार्यों का भुगतान करने की मांग को प्राथमिकता से उठाया। इसके अलावा स्कूलों में शिक्षकों की कमी, सड़क और पेयजल के मामले भी प्रमुखता से उठे।
ब्लाक सभागार में आयोजित बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकासखंड कार्यालय में स्टाफ की कमी के मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि स्टाफ नहीं होने से ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोकनिर्माण विभाग व पीएमजीएसवाई की समीक्षा करते हुए सदस्यों ने उनके क्षेत्र में मोटरमार्गों में बने कलमठों का सही रखरखाव न होने के कारण कृषि भूमि तथा मकानों में मलवा भरने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को बरसात से पूर्व कलमठों की सफाई के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत मोटर मार्गों के निर्माण में हो रही देरी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत मोटर मार्गों का निर्माण कराने की मांग की गई। मोटर मार्गों के निर्माण से ध्वस्त सिंचाई नहर, पेयजल योजनाओं को विभाग द्वारा ठीक नहीं कराने का मामला भी उठाया। जिलाधिकारी ने लोनिवि और पीएमजीएसवाई को ध्वस्त सिंचाई नहरों तथा पेयजल लाइनों कोे जल्दी ठीक कराने के निर्देश दिए। डीडीओ केएन तिवारी ने ग्राम पंचायत विकास योजनाओं की जानकारी दी। ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र पंचायत की बैठकों में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र कार्यवाही करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी आदि मौजूद थे।