मिनिस्टीरियलकर्मियों की हड़ताल
- फोटो : अमर उजाला
कपकोट (बागेश्वर)। लोक निर्माण विभाग के कपकोट खंड में खाली पदों को भरे जाने की मांग को लेकर मिनिस्टीरियल कर्मियों ने कार्यबहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों ने मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। पूर्व चेतावनी के अनुसार लोनिवि के कपकोट खंड में कार्यरत मिनिस्टीरियल कर्मियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार किया। परिसर के बाहर धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि कपकोट खंड में कई पद लंबे समय से खाली हैं। लंबे समय से मांग उठाने के बाद भी अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कर्मचारियों का आरोप था कि आंदोलन की चेतावनी के बाद भी उनकी मांग अनसुनी की गई है। इस दौरान कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी भी की। हड़ताली कर्मचारियों ने मांग पर उचित कार्रवाई न होने तक कार्यबहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी है। कार्यबहिष्कार करने वालों में पंकज कुमार, जीवन पांडेय, नंदन राम आर्य, महेंद्र सिंह दानू, मनोज कुमार, सोहन लाल आदि शामिल थे।