कुमाऊं मंडल के 650 सीनियर, जूनियर एनसीसी कैडेट्स का 10 दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण शिविर यहां कुमाऊं केसरी बद्रीदत्त पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुरू हुआ। कैंप में सैन्य और सामाजिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 81 उत्तराखंड एनसीसी बटालियन की मेजबानी में इस शिविर में बागेश्वर के 33 स्कूलों के कैडेट आए हैं। जिनमें स्थानीय पीजी कॉलेज के भी कैडेट शामिल हैं।
80 बटालियन पिथौरागढ़, 79 बटालियन नैनीताल, 24 बटालियन अल्मोड़ा के कैडेट भी आए हैं। कुल 650 कैडेट्स में 500 बालिकाएं हैं। पहले दिन शिविरार्थी कैडेट्स का रजिस्ट्रेशन किया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल एसके चौहान, कैंप अधिकारी लेफ्टिनेंट एसएस धपोला ने बताया कि शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, हथियार संचालन, आत्मरक्षा, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, योगासन, प्राणायाम आदि सिखाए जाएंगे।
नेतृत्व क्षमता के गुर सिखाए जाएंगे। शिविर में रक्तदान, स्वच्छता, बेटी बचाओ, धूम्रपान निषेध, पर्यावरण जागरूकता पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। खेल, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी होंगी। वहां लेफ्टिनेंट दीप चंद्र जोशी, थर्ड आफीसर कैलाश अंडोला, सेकेंड ऑफीसर भूपाल मेहता, सेना के सूबेदार मेजर एमके शाही, सूबेदार नीम बहादुर, सूबेदार प्रसाद गुरुंग, सूबेदार केबी थापा, मोहन राना, दिनेश चंद्र आर्य, मोहन चंद्र भट्ट, गणेश सिंह थे।