बागेश्वर में लगे भूकंप के झटके
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर जिले में मंगलवार की शाम अचानक भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा से जिले में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार शाम छह बजकर 19 मिनट 25 सेकंड पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.8 मापी गई। इसका केंद्र धरती के भीतर महज पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था, जिसका अक्षांश 30.075 डिग्री उत्तर और देशांतर 79.908 डिग्री पूर्व दर्ज किया गया।
झटके महसूस होते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि टीम सतर्क हो गई है। सभी तहसीलों से तुरंत स्थिति का जायजा लिया गया। तहसील प्रशासन से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में पूरी तरह से सुरक्षा है और किसी नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है।