बागेश्वर। कपकोट में दो पक्षों में विवाद के बीच अधेड़ पर धारदार हथियार (दरांती) से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कपकोट के पालीडुंगरा निवासी लक्ष्मण सिंह ऐठानी ने सरयू पुल के पास सरकारी जमीन में अतिक्रमण करने की शिकायत राजस्व पुलिस से की थी।बृहस्पतिवार को राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में जमीन की नापजोख की जा रही थी। शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह ऐठानी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कपकोट निवासी हरीश चंद्र फर्स्वाण उर्फ जोगा सिंह शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह ऐठानी को गालीगलौज करने लगा। उसने (हरीश चंद्र) ने फोन कर अपनी पत्नी को भी मौके पर बुला लिया। हरीश चंद्र फर्स्वाण की पत्नी पार्वती देवी ने ईंट और दरांती से हमला कर लक्ष्मण सिंह ऐठानी (50) को घायल कर दिया। घायल का उपचार कपकोट सीएचसी में कराया गया। घायल व्यक्ति की शिकायत पर हरीश चंद्र फर्स्वाण और उसकी पत्नी पार्वती देवी के खिलाफ कपकोट थाने में आईपीसी की धारा 323, 324, 504, 506 में केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष गोविंद बल्लभ भट्ट ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।