बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक के महरगाड़ घाटी से जुड़े गांवों के लोगों ने जिला मुख्यालय में जोरदार नारेेबाजी के साथ जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट प्रांगण में हुई सभा में वक्ताओं ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। मंगलवार की सुबह महरगाड़घाटी के नामतीचेटाबगड़, सुखचौना, कनौली, किसमिला, लाथी, चुचेर, कालापैर कापड़ी, माजखेत, भनार आदि गांवों के ग्रामीण नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां हुई सभा में वक्ताओं ने घाटी के लोगों की सुविधा के लिए एसबीआई की शाखा, मोबाइल टावर लगाने की मांग की। कहा कि क्षेत्र में कोई अस्पताल, डॉक्टर, एएनएम सेंटर भी नहीं है।
नामतीचेटाबगड़ में महरगाड़ में पुल न होने के कारण बरसात में गांवों का संपर्क कट जाता है। बच्चे स्कूल भी नहीं जा पाते हैं। ग्राम पंचायतों में पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र भवन भी नहीं बने हैं। स्कूलों में शिक्षकों समेत कृषि, पशुपालन, उद्यान, सड़क, आपदा से प्रभावित योजनाओं का पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम ने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेेतावनी दी।
इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह कोरंगा, जिला पंचायत सदस्य हेमा पाठक, बीडीसी सदस्य नंदी देवी, ग्राम प्रधानों में मानुली देवी, हंसा देवी, मंजू देवी, लाल सिंह, पुष्पा देवी, गोविंद सिंह, भगवती प्रसाद, नरेंद्र सिंह, कुंदन सिंह, कल्याण सिंह, मदन सिंह, कवींद्र सिंह, जोगा सिंह, धाम सिंह, साधो सिंह, गोविंद कोरंगा आदि शामिल थे। वहीं डीएम भूपाल सिंह मनराल ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी 15 दिन के भीतर नामतीचेटाबगड़ में कैंप करके समस्याओं के समाधान पर बात करेंगे। डीएम के आश्वासन पर ही ग्रामीण शांत हुए।