गरुड़ (बागेश्वर)। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार भाजपा को हराकर भाजपा हाईकमान को सीएम बदलने के लिए मजबूर कर देंगे।
रौतेला ने लौबांज में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता बसंत कुमार को विधायक बनाने का मन बना चुकी है। बागेश्वर का उप चुनाव चंपावत उप चुनाव से भिन्न है। भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर है। कांग्रेस प्रत्याशी जैसा ईमानदार कर्मठ प्रत्याशी भाजपा के पास नहीं है। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि कांग्रेस रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतेगी। सभा को महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपा धपोला, जिपं सदस्य वंदना ऐठानी, नैनीताल महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, भुवन पाठक, गिरीश कोरंगा, पूर्व प्रमुख भरत फर्स्वाण आदि ने संबोधित किया।
अन्य दल भी प्रचार में जुटे
बागेश्वर। उक्रांद प्रत्याशी अर्जुन देव, उपपा प्रत्याशी भगवत कोहली, सपा प्रत्याशी भगवती प्रसाद त्रिकोटी ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों का भ्रमण कर लोगों से समर्थन मांगा। भाजपा, कांग्रेस को राज्य के विकास में बाधक बताया।
कांग्रेस जीतने की स्थिति में पहुंची : पाल
बागेश्वर। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल नैनीताल के पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने कहा है कांग्रेस बागेश्वर उप चुनाव जीतने की स्थिति में पहुंच गई है, कांग्रेस उप चुनाव अवश्य जीतेगी।
बुधवार को जिला मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा उप चुनाव कुव्यवस्था, महंगाई के मुद्दे पर लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कुशासन एक बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पर जोर दे रही है। जीतने के बाद कांग्रेस इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगी। पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच मुद्दों को ले जा रही है। कांग्रेस को जनता का साथ भी मिल रहा है। वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला मौजूद थे।
ये क्या कह गए पूर्व सांसद पाल
बागेश्वर। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल पूर्व सांसद महेंद्र पाल से जब पत्रकारों ने सवाल दागा कि भाजपा आरोप लगा रही है कि कांग्रेस के पास अपना कोई प्रत्याशी चुनाव लड़ने लायक नहीं था, कांग्रेस को बाहरी प्रत्याशी को टिकट देना पड़ा। इस सवाल के जवाब में पूर्व सांसद ने कहा कि इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी शामिल है। उसी फार्मूले के तहत कांग्रेस ने आप नेता बसंत कुमार को टिकट दिया है। जबकि प्रत्याशी घोषित करने से पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में बसंत कुमार को पार्टी में शामिल किया गया। पाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस का कोई व्यक्ति भाजपा में शामिल नहीं हुआ है। एक दिन पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि कांग्रेस के लोगों को दबाव डालकर भाजपा में शामिल किया जा रहा है। विरोधाभाषी बयानों की मीडिया हलके में व्यापक चर्चा रही।