बागेश्वर के राइंका बोहाला में छात्रा की मानसिक सवास्थ्य जांच करते डिप्टी सीएमओ। संवाद न्यूज एजे
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और मानसिक परेशानियों से निजात दिलाने के लिए मंगलवार को राइंका बोहाला में मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मास हिस्टीरिया, मानसिक तनाव, नींद न आने आदि परेशानियों को दूर करने के उपाय बताए गए। विभाग की ओर से सालभर में विभिन्न स्थानों पर ऐसे 32 शिविर लगाए जाएंगे।
राइंका बोहाला में आयोजित शिविर में डिप्टी सीएमओ डॉ. हरीश पोखरिया और काउंसलर संदीप कुमार ने विद्यार्थियों की परेशानियों को जाना। शिविर में विद्यालय के सभी 400 छात्र-छात्राओं की जांच की गई। इनमें से 16 विद्यार्थियों में मानसिक परेशानियां पाई गईं। कई विद्यार्थी नींद की कमी, घबराहट, चिड़चिड़ाहट, मानसिक तनाव से ग्रसित थे।
शिविर में उनकी परेशानियों के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया गया। छात्र-छात्राओं को सकारात्मक सोच रखने, बेवजह के तनाव से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. पोखरिया ने बताया कि जिले में दो मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर लग चुके हैं। 30 शिविर और लगाए जाएंगे। शिविर के दौरान मानसिक रूप से परेशान छात्र-छात्राओं की पहचान कर उनकी काउंसिलिंग की जाएगी। शिविर में डॉ. प्रमोद टम्टा, सीएचओ ओमप्रकाश शर्मा आदि रहे।