बागेश्वर। बाइक पर पूरे उत्तराखंड का भ्रमण कर मानवता का संदेश देने और कला-संस्कृति का प्रचार-प्रसार करने वाली रेडक्रॉस स्वयंसेवी पूजा तलाल को रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से सम्मानित किया गया। समिति ने उन्हें बाइक पर देश भ्रमण के लिए भी शुभकामनाएं दी।
मूल रूप से पिथौरागढ़ और वर्तमान में देहरादून रहने वाली पूजा तलाल को बचपन से ही रोमांच का शौक रहा है। राइडर नौनी नाम से प्रसिद्ध पूजा ने विगत महीने बाइक पर प्रदेश के सभी जिलों का अकेले भ्रमण किया था। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोगों को रक्तदान, बालिका शिक्षा, नारी सशक्तीकरण आदि का संदेश दिया। विगत दिनों दुलम में आयोजित पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण शिविर में बतौर प्रशिक्षु भाग लेने बागेश्वर पहुंची पूजा ने बताया कि जल्द ही वह बाइक पर पूरे देश की सैर करेंगी। मंगलवार को रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन संजय साह जगाती, वाइस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, जिला सचिव आलोक पांडेय, प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक ने उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कन्हैया वर्मा, राजेश्वरी कार्की, डॉ. हरीश दफौटी, मोहीउद्दीन अहमद तेवाड़ी, हिमांशु चौबे, हिमांशु जोशी, आरपी कांडपाल आदि मौजूद रहे।