तिलसारी नदी के एकाएक उफान भरने से शनिवार देर शाम एक मैक्स उफनती नदी में फंस गई। ग्रामीणों ने भारी दो घंटे की मशक्कत के बाद सवारियों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला।
गागरीगोल से सात सवारियों को लेकर मैक्स संख्या यूके 02टीए 0636 देर सांय तिलसारी को निकली। वाहन के बामड़ीरौ नामक स्थान पर पहुंचते ही नदी ने एकाएक उफान भर लिया।
विज्ञापन
जिससे वाहन बीच नदी में फंस गया। यात्रियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर तिलसारी के ग्रामीण आनन फानन में घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बीच नदी में वाहन में फंसे सवारियों और वाहन को रस्सी से खींचकर बाहर निकाला।
चालक जगदीश चंद्र भट्ट ने बताया कि कोहरा और तेज बारिश के चलते नदी के उफान का पता नहीं चला। कानूनगो गोपाल सिंह बिष्ट, पटवारी देश दीपक वर्मा ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित है। तिलासारी निवासी हरीश पांडे ने बताया कि लोनिवि से बामड़ीरौ नामक स्थान पर पुल बनाने के संबंध में कई बार कही दिया है। विभाग ने आजतक पुल नहीं बनाया है। पुल नहीं होने से तिलसारी जाने वाले वाहनों को नदी में बनें अस्थायी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है।