बागेश्वर। कभी शादी का मतलब होता था घर में रिश्तेदारों की चहल-पहल, आंगन में बिछी दरी और हल्दी-मेहंदी की सादगी भरी रस्में। अब वही रस्में बदलते दौर के साथ नए रंग और अंदाज में नजर आने लगी हैं। शादी के हर आयोजन को यादगार बनाने की चाहत ने बाजार का भी रंग बदल दिया है। हल्दी, मेहंदी के लिए अलग-अलग थीम में सजावटी सामान की मांग बढ़ गई है।
सहालग शुरू होते ही बाजार में शादी से जुड़े सामान की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। पीले और हरे रंग के पर्दे, फूलों की लड़ियां, कृत्रिम फूल, सजावटी छतरियां, झालर, दुपट्टे, मेहंदी की रस्म के लिए रंगीन सजावट और फोटो बूथ से जुड़े सामान खूब खरीदे जा रहे हैं। दुकानदार मनोज टंगड़िया, कुशाल दानू ने बताया कि हल्दी और मेहंदी रस्म वाली थाली 250 रुपये, सजावटी झालर 90 से 150 रुपये, दुल्हन की हल्दी रस्म के लिए पीला शृंगार 150 रुपये में मिल रहा है। इसके अतिरिक्त हल्दी और मेहंदी के मैचिंग के कपड़े भी बनाए जा रहे हैं। उनके अनुसार सजावट भी शादी का अहम हिस्सा बन गई है। युवतियां और परिवार सोशल मीडिया पर देखी गई सजावट को अपने समारोह में उतारने के लिए बाजार में सामान तलाश रहे हैं।
कोट
शादी की चमक-दमक पहले से काफी बढ़ गई है। हमारे समय में महिला संगीत भी प्रचलन में नहीं था। अब लोगों के लिए रस्में सिर्फ निभाने की परंपरा नहीं रही, उन्हें यादगार बनाने की चाह भी बढ़ गई है। -राधिका मेहता, फोटो 19 बीजीएस 01 पी
कोट
हमारे समय की शादी और अब की शादी में बहुत अंतर है। आजकल लोग माेबाइल देखकर नई-नई रस्में कर रहे हैं। उसी के अनुसार सामान की खरीदारी कर रहे हैं। -पुष्पा देवी, फोटो
आजकल मोबाइल फोन के कारण लोगों ने नई चीजें देखी हैं। हमने अपने समय में एक जोड़ी कपड़ों में ही शादी की थी। आजकल होने वाली रस्म पहले नहीं देखी। अब देखा देखी कर लोग नया फैशन अपना रहे हैं।
कमला देवी, फोटो 19 बीजीएस 04 पी