नगर पंचायत क्षेत्र के भराड़ी, कपकोट और हिचौड़ी बाजार में कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। लाइटों के नहीं जलने से रात में राहगीरों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। अंधेरे का लाभ उठाकर अपराधी किस्म के तत्वों के सक्रिय होने का खतरा बना है। लोगों ने नगर पंचायत से स्ट्रीट लाइटें शीघ्र ठीक कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र के भराड़ी, कपकोट और हिचौड़ी बाजार में एक दर्जन से भी अधिक स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से नहीं जल रही हैं। इससे हर कोई परेशान है। स्ट्रीट लाइटों के नहीं जलने से रात में राहगीरों के रास्तों में गिरने का खतरा बना है। गुलदार के आबादी क्षेत्र में घुस आने और आपराधिक घटनाओं के बढ़ने की आशंका है। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष दीपक ऐठानी ने नगर पंचायत से स्ट्रीट चालू कराने की मांग की है। इधर पंचायत के ईओ हरि चरण सिंह ने बताया कि पंचायत के पास इलैक्ट्रीशियन नहीं है। इसके लिए एक साल के लिए अस्थाई रूप से तैनाती के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। 14 सितंबर को निविदा खुलनी हैं। इलैक्ट्रीशियन की तैनाती होते ही स्ट्रीट लाइटें ठीक करवा दी जाएंगी।