बागेश्वर से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस रास्ते में जगह-जगह पर कई बार खराब हो गई। बस में आई खराबियों के चलते यात्रियों को जान हथेली में रखकर सफर करना पड़ा। खटारा बस भेजे जाने को लेकर यात्रियों की कई बार चालक व परिचालक से भी बहस हुई।
बागेश्वर से सुबह पांच बजे देहरादून को चलने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम की एकमात्र बस बृहस्पतिवार को ग्वालदम पहुंचते ही खड़ी हो गई। बस संख्या यूके 07 पीए 1923 के चालक ने यात्रियों को बताया कि इसका क्लच खराब हो गया है जिस कारण बस आगे नहीं जा सकती है। यात्रियों के विरोध के बाद चालक व परिचालक ने बस को मेकेनिक को दिखाने के उपरांत आगे ले जाने का फैसला लिया। यात्रियों ने बताया इसके बाद भी यह बस कई जगह खराब हुई। तकनीकी खराबी के कारण बस में बैठे यात्री डर के साए में यात्रा करते रहे। बस में करीब 30 यात्री सफर कर रहे है। बस में यात्रा कर रहे शिक्षक शैलेंद्र धपोला ने बताया कि सायं छह बजे तक यह बस देवप्रयाग पहुंची है। बताया जा रहा है कि रात दस बजे तक यह देहरादून पहुंचेगी। जबकि इसका देहरादून पहुंचने का समय सायं पांच बजे हैं। उन्होंने बागेश्वर से देहरादून तक के लिए एक और सेवा की मांग की है।
हड़ताल ने बढ़ाई मुसीबत
बागेश्वर। गढ़वाल मंडल में टैक्सियों की हड़ताल के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई यात्री बस से उतरकर टैक्सी से सफर करने के पक्ष में थे, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें मजबूरी में रोडवेज की खटारा बस में ही सफर करना पड़ा।