जनपद के किमोली गांव में एक युवक खेतों में झूल रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गया। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने युवक की हालत खतरे से बाहर बताई है। इस घटना से लोगों में ऊर्जा निगम के खिलाफ नाराजगी है।
किमोली निवासी भगवान सिंह रविवार को दिन में खेतों में गया था। इसी दौरान वह बिजली के झूल रहे तारों की चपेट में आ गया। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लाए। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। डॉ. खेमपाल ने करंट की चपेट में आए युवक की हालत खतरे से बाहर बताई है। उन्होंने कहा है कि प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया जाएगा। इधर इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार ऊर्जा निगम के लाइनमैन से बिजली के तारों को ठीक करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने झूल रहे तारों को शीघ्र दुरुस्त नहीं करने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।