बागेश्वर में सीईओ को ज्ञापन देते मल्ला दानपुर के पंचायत प्रतिनिधि
- फोटो : amar ujala
मल्ला दानपुर क्षेत्र के प्राइमरी से लेकर माध्यमिक तक विद्यालयों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के कई पद खाली हैं। कई शिक्षकों को बगैर प्रतिस्थानी के ही कार्यमुक्त दिया गया है। शिक्षकों की भारी कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई चौपट है। गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। इसमें शिक्षकों की शीघ्र तैनाती नहीं होने पर 16 अगस्त से जिला मुुख्यालय पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
बृहस्पतिवार को मल्लादानपुर क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने सीईओ आरसी आर्य को ज्ञापन दिया। कहा कि मल्ला दानपुर के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए कई बार मांग कर दी गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुईं तो घोषित तिथि से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
घेराव करने वालों में जिला पंचायत सदस्यों में गोविंद दानू, भागीरथी देवी, बीडीसी सदस्यों में महिपाल दानू, शेर सिंह बिष्ट, नंदन दोबडिय़ा, ग्राम प्रधानों में मोहनी दानू और हरूली देवी आदि शामिल थे। सीईओ ने कहा कि शिक्षकों की मंजूरी मिलते ही विद्यालयों में तैनाती कर दी जाएगी।