गरुड़ (बागेश्वर)। सुदूरवर्ती राजकीय जूनियर हाइस्कूल रौल्याणा में आयोजित समारोह में कक्षा आठ पास बच्चों को विदाई देकर शिक्षकों और बच्चों ने नवनामांकित बच्चों का स्वागत किया। बच्चों ने शिक्षकों को आकर्षक उपहार देकर गुरु-चेले की परंपरा का निर्वहन किया। सर्वश्रेष्ठ प्रार्थना सभा लीडर का पुरस्कार मंजू जबकि सर्वश्रेष्ठ बॉक्स फाइल का पुरस्कार ममता ने झटका।
शत-प्रतिशत उपस्थिति पर गंगा और रूपा को सम्मानित किया। ग्राम प्रधान मदन गिरी ने बच्चों से हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पिछले सत्र में शत-प्रतिशत उपस्थिति पर स्कूल के हेडटीचर नीरज पंत और एसएमसी अध्यक्ष मदन गिरी ने सहायक अध्यापक भाष्कर पंत को सम्मानित किया।
ग्राम प्रधान मदन गिरी ने कक्षा आठ के बच्चों की हस्तलिखित पत्रिका ‘बच्चों की उड़ान’ का विमोचन किया। पत्रिका में बच्चों ने अपने अनुभव, प्रार्थना सभा की गतिविधियों, स्वरचित कहानियों, कविताओं का समावेश किया है। वहां शिक्षक दीपक पांडे, भाष्कर पंत, मंजू गोस्वामी, सोनू गोस्वामी समेत अभिभावक भी थे।