बागेश्वर में कोरोना की अफवाह फैलाने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में।संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर खुद को कोरोना पीड़ित बताने वाले सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उसने सूचना देते समय अपना गलत नाम बताया था।
पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को अज्ञात व्यक्ति ने अपना नाम प्रकाश राम पुत्र शेर राम निवासी ओखलधार कपकोट बताते हुए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर काॅल कर खुद को कोरोना वायरस से पीड़ित होने की सूचना दी। कपकोट पुलिस की जांच में मामला झूठा पाया गया। कपकोट थाने में आईपीसी की धारा 177/188 और 54 आपदा प्रबंधन अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल ने गलत सूचना देने वाले की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कपकोट थाने के प्रभारी निरीक्षक टीआर वर्मा को निर्देश दिए।
कपकोट की पुलिस उपाधीक्षक संगीता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपकोट ने टीम गठित की। पुलिस ने रविवार को नरगड़ा कपकोट से गलत सूचना देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेश हरड़िया पुत्र आन सिंह निवासी नरगड़ा कपकोट बताया। बताया कि उसने ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर प्रकाश राम के नाम से कोरोना वायरस से संक्रमित होने की गलत सूचना दी थी। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक अकरम अहमद, कांस्टेबल गिरी आनंद, रमेश गड़िया शामिल थे।