बागेश्वर में शिक्षा विभाग की बैठक लेती डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के 43 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आज भी मध्याह्न भोजन लकड़ी में बनाया जा रहा है। लंबी जद्दोजहद के बाद भी इन विद्यालयों को रसोई गैस के कनेक्शन जारी नहीं किए गए हैं। मिड डे मील योजना की समीक्षा में बदहाली की यह तस्वीर सामने आई है।
डीएम रंजना राजगुरु ने बुधवार को विकास भवन सभागार में मध्याह्न भोजन योजना की निगरानी समिति की बैठक ली। इस दौरान पाया गया कि जिले के 796 में से 753 विद्यालयों के पास रसोई गैस कनेक्शन नहीं हैं। इन विद्यालयों में लकड़ी से मिड डे मील बनाया जा रहा है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कनेक्शन जारी करने के आदेश दिए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान देने की हिदायत दी।
डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी, एसडीएम और तहसीलदार को समय-समय पर मिड डे मील की जांच करने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी को शौचालय और साफ सफाई की समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। सीईओ को पेयजल कनेक्शन के वंचित विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, सीईओ हरीश चंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, तहसीलदार बागेश्वर दया चंद्र टम्टा, जिला शिक्षा अधिकारी मो. अंसारी, प्राचार्य डायट शैलेंद्र धपोला आदि मौजूद थे।