बागेश्वर में लोन आवेदकों के साक्षात्कार लेतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बेरोजगार लोगों को स्वरोजगार दिलाने के लिए उद्योग विभाग ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम चलाया है। डीएम रंजना राजगुरु की उपस्थिति में सभी आवेदकों को बारी-बारी से बुलाकर उनका साक्षात्कार लिया गया। इस मौके पर 43 आवेदकों के लोन आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए।
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड में 19 आवेदन पत्र मिले। साक्षात्कार के बाद इनमें से 14 लोगों के आवेदन स्वीकृत हुए। इनके लिए 41 लाख की राशि स्वीकृति की गई। खादी ग्रामोद्योग आयोग में कुल चार आवेदन मिले। इनमें से पांच लाख रुपये के दो आवेदन पत्र स्वीकृत हुए। जिला उद्योग केंद्र में कुल 37 आवेदन मिले, जिनके सापेक्ष 95.50 लाख रुपये के कुल 27 आवेदन स्वीकृत हुए।
डीएम ने आवेदकों से स्वीकृत राशि का सदुपयोग कर उसकी समय पर वापसी कर कड़ी मेहनत से उद्योग को सफल बनाने का आह्वान किया। साक्षात्कार में डीडीओ केएन तिवारी, महाप्रबंधक उद्योग बीसी चौधरी, प्रभारी प्रबंधक ग्रामीण बैंक जगदीश प्रसाद, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी केएस कर्म्याल, लीड बैंक अधिकारी मनोहर पांगती, सदस्य जिला पंचायत चंदन सिंह रावत, खाद्य ग्रामोद्योग से हरीश चंद्र, सहायक प्रबंधक समाज कल्याण राजेंद्र प्रसाद आदि थे।