एडीबी की ओर से शामा लीती और लीती लिंक सड़क में चल रहे हॉटमिक्स की गुणवत्ता सवाल खड़े किए हैं। मंगलवार को पूर्व विधायक शेेर सिंह गढ़िया के नेतृत्व में ग्राम प्रधान आनंद प्रकाश, बीडीसी सदस्य भागीरथी देवी और नगर पंचायत के सभासद गिरीश चंद्र जोशी गिर्दा ने एसडीएम केएस टोलिया से मुलाकात की।
उन्होंने एसडीएम को बताया कि लीती लिंक रोड में इन दिनों एडीबी की ओर से हॉटमिक्स का काम किया जा रहा है। लेकिन, इसमें गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। मिट्टी के ऊपर कंप्रेशर मशीन चलाए बगैर हॉटमिक्स बिछाया जा रहा है। इससे हॉटमिक्स जल्दी से उखड़ जाएगा।
विरोध करने पर भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने एसडीएम से मामले की शीघ्र जांचकर भुगतान रोकने की मांग की। उन्होंने एसडीएम से संबंधित ठेेकेदारों का भुगतान बगैर ग्राम प्रधान के एनओसी मिले किसी भी दशा में नहीं कराने की मांग की। एसडीएम ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि वह जल्दी ही मौका मुआयना करके आवश्यक कार्रवाई करेंगे।