बृहस्पतिवार की शाम हुई हुई बारिश से राजकीय इंटर कालेज भेंटा के नव निर्मित दो कक्षा कक्षों के आंगन की सुरक्षा दीवार भरभराकर ध्वस्त हो गई है। दीवार के ढहने से कमरों की सुरक्षा खतरे में है। क्षेत्र के लोगों ने दीवार की गुणवत्ता पर सवालिया निशान खड़े किए हैं।
उन्होंने कार्यदायी संस्था से दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उधर, दो दिन पहले हुई तेज बारिश से पिंडारी सड़क के अनेक स्थानों पर भरा मलबा अभी तक नहीं हटाया गया है। मलबा नहीं हटने से वाहनों के आने जाने में कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम तेज गरज के साथ हल्की बारिश से कांडा तहसील के राजकीय इंटर कालेज भेंटा में आरईएस की ओर से 16.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो कक्षों के प्रांगण की सुरक्षा के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार भरभराकर ध्वस्त हो गई है।
दीवार ढहने से नव निर्मित भवनों की सुरक्षा पर खतरेेेे के बादल मंडराने लगे हैं। अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों ने कार्यदायी संस्था से दीवार का शीघ्र अच्छी गुणवत्ता के साथ निर्माण कराने की मांग की है। गत पांच दिन पहले हुई भीषण बारिश से पिंडारी सड़क के देवलचौंरा के दो अलग अलग जगह भारी मात्रा में मलबा भर गया। तब से मलबा नहीं हटने के कारण वाहनों को आने जाने में कई परेशानियां हो रही हैं। लोगों ने एडीबी से मलबा शीघ्र हटाने की मांग की है।