बागेश्वर के एलआईसी कार्यालय में प्रदर्शन करते कर्मी।
बागेश्वर। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज एसोसिएशन के आह्वान पर बीमा कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को एलआईसी कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार की विनिवेश नीति के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी कर एलआईसी को सार्वजनिक क्षेत्र की मजबूत संस्था बनाए रखने की मांग उठाई।
बीमा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष देवेश ने कहा कि एलआईसी देश के करोड़ों पॉलिसीधारकों के विश्वास का प्रतीक है और इसमें विनिवेश जनहित के खिलाफ है। एलआईसी देश के विकास और सामाजिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सार्वजनिक संस्थाओं को मजबूत करने के बजाय उनका निजीकरण किया जाना उचित नहीं है।
कर्मचारियों ने एलआईसी में विनिवेश का विरोध करते हुए सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर संघ के सचिव गौरव वर्मा, अनिल गोस्वामी, अमर सिंह, चंद्रशेखर पाठक, महेश उप्रेती, नंदन सिंह धामी आदि मौजूद रहे।