बागेश्वर। गर्मी की शुरुआत होते ही पेयजल संकट गहराने लगा है। नगरपालिका क्षेत्र के मंडलसेरा में पेयजल किल्लत के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। क्षेत्रवासियों ने जरूरत के अनुसार पीने का पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
मंडलसेरा क्षेत्र में गर्मी में हर साल लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के लिए बनी योजना से मांग के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है। लंबे समय से बन रही पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण पर लोगों की उम्मीद लगी थी लेकिन यह योजना भी लंबे समय से अधर में लटकी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वार्ड की आबादी बढ़ने के साथ ही पीने के पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। पेयजल किल्लत झेल रहे लोगों को प्राकृतिक स्रोत और हैंडपंपों से पीने का पानी जुटाना पड़ रहा है। जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने कहा कि गर्मी के दिनों में स्रोत में पानी कम होने लगता है। इस कारण पेयजल योजना से क्षमता के अनुसार पानी नहीं आता। जिन स्थानों पर जल संकट होगा वहां टैंकर से पानी भिजवाने का प्रबंध किया जाएगा।