घर के पास वन्यजीव को देख दिखाया साहस, जिला अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। जिले के छनापानी क्षेत्र में फिर तेंदुए की सक्रियता ने ग्रामीणों में भारी दहशत पैदा कर दी है। अपने घर के पास तेंदुए के चंगुल से बकरी को बचाने गई महिला का पैर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गई। तेंदुआ बकरी को निवाला बनाकर जंगल में भाग गया। इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार छनापानी निवासी हेमा देवी (40) पत्नी बच्चे सिंह ने शनिवार को घर के पास तेंदुए को बकरी पर झपटते देखा। तेंदुए को सामने देख घबराने के बजाय हेमा देवी ने अदम्य साहस दिखाया और बकरी की जान बचाने के लिए आगे बढ़ीं लेकिन इसी आपाधापी के दौरान तेंदुए ने हमला कर दिया और वह बचने की कोशिश में गिरकर घायल हो गईं।
चीख-पुकार सुनकर परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है। महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार सक्रियता की सूचना कई बार वन अधिकारियों को दी गई लेकिन विभाग की ओर से गश्त बढ़ाने या पिंजरा लगाने जैसे कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
कोट
छनापानी क्षेत्र में तेंदुए की धमक और महिला के घायल होने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना है। क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में एनाइडर सिस्टम भी लगाया गया है। - श्याम सिंह करायत, रेंजर, बागेश्वर