बागेश्वर के नदीगांव में पाइपलाइन से बहता पानी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कहीं पानी की बर्बादी और कहीं पीने के लिए पानी मयस्सर नहीं है। जिला मुख्यालय के मजियाखेत को पानी की आपूर्ति करने वाली अमसरकोट पेयजल योजना की पाइप लाइन में नदीगांव जजी मोड़ के पास रिसाव हो रहा है। एक सप्ताह से पानी बर्बाद हो रहा है लेकिन विभाग की नजर अब तक नहीं पड़ी। उपभोक्ताओं ने जल्द पाइप लाइन की मरम्मत करने की मांग की है।
अमसरकोट से बनी पेयजल योजना से सैम मंदिर वार्ड के नदीगांव और ज्वालादेवी वार्ड के मजियाखेत में पीने के पानी की आपूर्ति की जाती है। पिछले एक सप्ताह से मजियाखेत के पेयजल टैंक के लिए जाने वाली मुख्य पाइप लाइन में रिसाव हो रहा है। जजी मार्ग में मोड़ के पास पानी रिसकर बर्बाद हो रहा है। पानी रिसने से जहां मजियाखेत के लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है, वहीं सड़क पर पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वार्ड वासियों ने जल संस्थान को रिसाव की सूचना दी लेकिन अब तक पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हो सकी है। उपभोक्ताओं ने जल्द लीकेट ठीक करने की मांग की है। जल संस्थान के प्रभारी ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि पाइप लाइन में रिसाव की सूचना मिली है। जल्द ही कर्मचारी को भेजकर लाइन की मरम्मत करा दी जाएगी।