जिला मुख्यालय समेत सभी तहसील क्षेत्रों में सोमवार की सुबह बारिश
बागेश्वर। जिले में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। जिला मुख्यालय के मेहनरबूंगा में भारी बारिश के दौरान आंगन की दीवार ढहने से मकान खतरे की जद में आ गया है। लगातार हो रही बारिश से इस बार भीषण गर्मी से राहत है।
सोमवार की सुबह जिला मुख्यालय समेत सभी तहसील क्षेत्रों में बारिश हुई। इस दौरान कपकोट में सबसे अधिक 9.20 मिमी, बागेश्वर में पांच और कपकोट में 4.50 मिमी बारिश हुई। बारिश के दौरान मेहनरबूंगा निवासी जीवन लाल पुत्र प्रेम लाल का आवासीय मकान के आंगन की दीवार ढह गई। सुबह बारिश के बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो गया। दिन चढ़ने के साथ-साथ मौसम साफ हो गया, जिसके बाद पूरे दिन धूप खिली रही।
कोट- बारिश के दौरान दीवार को हुआ नुकसान दैवीय आपदा मानकों के तहत आती है। जिले में फिलहाल बारिश से अन्य किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है। -शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर