कपकोट में नेली गांव विस्थापन के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
कुंवारी गांव के आपदा प्रभावितों को बमसारी गांव के नेली में बसाने की प्रशासन की योजना विवाद के घेरे में आ गई है। बमसारी गांव के बाशिंदों ने इसका विरोध किया है। उन्होंने विरोध स्वरूप शनिवार को भराड़ी में चक्काजाम की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि प्रशासन ने कुंवारी गांव के पहले चरण में चिह्नित 18 परिवारों को बमसारी गांव के नेली तोक में बसाने का प्रस्ताव बनाया है।
इसके लिए नेली तोक में राजस्व भूमि तलाशी गई है। प्रशासन योजना को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। दूसरी ओर बमसारी के नेली में प्रभावितों को बसाने की योजना विवाद के घेरे में आ गई है। बमसारी के बाशिंदों ने प्रशासन की योजना पर एतराज जताया है। उन्होंने नेली की भूमि पर अपना हक जताया है। ग्रामीणों के मुुताबिक नेली में उनके गौचर और चारागाह हैं जबकि कई ग्रामीणों की नाप भूमि भी है।
शुक्रवार को क्षेत्रवासी शेर सिंह ऐठानी, हडसन ऐठानी, किशोर ऐठानी, सुरेश राम, कमल ऐठानी, योगेश, भूपेश, राजेश मर्तोलिया आदि ने प्रशासन के प्रस्ताव पर विरोध दर्ज कराया। साथ ही एसडीएम रवींद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने विरोध में शनिवार को चक्काजाम की चेतावनी दी। इस दौरान ग्रामीण भराड़ी-बागेश्वर, शामा-पिंडारी, कपकोट-पिंडारी रोड पर प्रदर्शन करेंगे।