मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य ने वसंत पंचमी के दिन से बंद चल रहे राजकीय प्राइमरी स्कूल कुचौली के प्रकरण को गंभीरता से लिया है। उन्होंने उप शिक्षा अधिकारी को स्कूल के गैर हाजिर दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि पिछले दिनों कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण को क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कांडा कमस्यार की सुदूरवर्ती प्राइमरी पाठशाला कुचौला बंद मिला था। विधायक ने पूछताछ की तो पता चला कि यह स्कूल वसंत पंचमी के दिन से ही बंद है। उन्हें वहां तैनात दोनों शिक्षकों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।
विधायक ने मामले को गंभीरता से लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को गैर हाजिर शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश थे। संबंधित प्रकरण को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इधर, सीईओ आर्य ने बताया कि उन्होंने उप शिक्षा अधिकारी को अनुपस्थित दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण लेकर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सीईओ ने कहा कि पाठशाला में ताला लगाकर नदारद होना गंभीर मामला है। मामले की बारीकी से जांच कराकर सख्त कार्रवाई होगी।