कपकोट के शामा में जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने उमड़े लोग।
बागेश्वर। बिचला दानपुर के शामा में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरी भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। राधा-कृष्ण संस्कृत समिति की ओर से आयोजित इस एक दिवसीय महोत्सव के दौरान क्षेत्र में पारंपरिक संस्कृति की बयार बही। कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह ग्रामीणों की ओर से पारंपरिक परिधानों में निकाली गई भव्य कलश यात्रा और शानदार झांकी के साथ हुई।
उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य आकर्षण रही दही हांडी मटका फोड़ प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया। इसके अलावा महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, पारंपरिक झोड़ा-चांचरी और बांसुरी वादन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का सजीव मंचन किया जिसे देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों और नकद धनराशि से सम्मानित किया गया। आयोजन में धीरज कोरंगा, दीपक कोरंगा, खष्टी देवी, नंदन सिंह कोरंगा, पूर्व जिपं अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा, बड़ी पन्याली के ग्राम प्रधान गोपाल सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।