अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की यहां चली रही बेमियादी हड़ताल बृहस्पतिवार दूसरे दिन भी जारी रही। संगठन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह मेहरा की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक खाद्यान्न के लिए धर्मकांटा लगाने, पुराने बिलों का भुगतान करने और कमीशन की राशि बढ़ाने की मांग पूरी हो नहीं जाती तब तक राशन बांटने का काम बंद रहेगा।
गल्ला विक्रेताओं ने कहा कि वह मानदेय देने, बीमा करने, स्टेशनरी का खर्चा देने और पुराने बिलों का शीघ्र भुगतान देने की मांग कई बार कर चुुके हैं लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। प्रदेश सरकार केंद्र की तरह एपीएल के खाद्यान्न में कमीशन न देेकर विक्रेताओं का उत्पीड़न कर रही है। हड़ताल के कारण कई दुकानों में ताले लटके हैं।
इससे उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। संपन्न उपभोक्ता तो बाजार से राशन खरीद ला रहे हैं जबकि गरीबों की समस्या हड़ताल के कारण दोगुनी हो गई है। सभा का संचालन सचिव गणेश रावत ने किया।