बागेश्वर। सुप्रसिद्ध मां कोटभ्रामरी नंदाष्टमी मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केमू की ओर से जिला मुख्यालय बागेश्वर से गरुड़ स्थित कोटभ्रामरी मंदिर मेलास्थल के लिए दो विशेष अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
मेले के दौरान यात्रियों और दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर केमू प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। ये बसें जिला मुख्यालय के बस स्टेशन से बारी-बारी से श्रद्धालुओं को गरुड़ स्थित कोटभ्रामरी मंदिर तक पहुंचा रही हैं और वापस ला रही हैं।
विशेष बसों की सेवा शुरू होने से स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से मां कोटभ्रामरी के दर्शनों के लिए पहुंच रहे यात्रियों को भारी राहत मिली है। आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने से मेलास्थल तक पहुंचना अब सुलभ हो गया है।