बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र के खड़लेख-भनार मोटर मार्ग पर सफर करने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। लोनिवि कपकोट ने इस मुख्य मार्ग के तीन किमी हिस्से के सुधारीकरण और नवीनीकरण के लिए तैयारी शुरू कर दी है। लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही इस सड़क के लिए विभाग 47.50 लाख रुपये का बजट खर्च करेगा।
क्षेत्र की यह सड़क काफी समय से उबड़-खाबड़ स्थिति में है जिससे स्थानीय लोगों और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डामर उखड़ने के कारण सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं जो दुर्घटनाओं को दावत दे रहे है। अब विभाग की ओर से इस बजट से सड़क की दशा सुधारी जाएगी जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों का समय भी बचेगा। सड़क नवीनीकरण कार्य को गति देने के लिए विभाग ने प्रारंभिक कागजी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
खड़लेख-भनार सड़क के सुधारीकरण के लिए 47.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया गतिमान है जिसके बाद जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। -अमित कुमार पटेल, ईई, लोनिवि कपकोट