बागेश्वर। केंद्र सरकार के हिट एंड रन को लेकर नए कानून के विरोध में बस चालकों की हड़ताल से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। हड़ताल के चलते रोडवेज की 12 बस डिपो में खड़ी रहीं। केमू स्टेशन पर भी सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि टैक्सियों का संचालन सुचारू रहने से यात्रियों को कुछ राहत मिली।
जिले के रोडवेज डिपो से 15 बसों का संचालन होता है जबकि केमू स्टेशन पर रोजाना 55 बसों की आवाजाही होती है। मंगलवार को रोडवेज बस सेवा पूरी तरह ठप रही। वहीं केमू की केवल तीन बसें ही हल्द्वानी रूट पर चलीं। केमू की अधिकतर बसों का अधिग्रहण सीएम पुष्कर सिंह धामी के कपकोट में होने वाले कार्यक्रम के लिए किया गया था। लंबी दूरी की बस सेवा बाधित रहने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इधर बसों की हड़ताल के चलते टैक्सी स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही।
रोडवेज बस स्टेशन के इंचार्ज केबी उपाध्याय ने बताया कि चालकों की हड़ताल की वजह से सभी बस खड़ी हैं। केमू स्टेशन इंचार्ज केडी भट्ट ने बताया कि डाक की गाड़ी समेत तीन अन्य वाहन रूटीन पर चले हैं, बाकी गाड़ियां कपकोट के मातृशक्ति सम्मेलन में लगी हैं। संवाद
हल्द्वानी जाना है, गाड़ी नहीं मिल रही
बागेश्वर। भराड़ी टैक्सी स्टैंड पर मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों की टोली गाड़ी नहीं मिलने से काफी परेशान दिखी। यात्री आफताब मलिक, जाकिर मलिक, मोहम्मद जाहिद, अफजाल आदि ने बताया कि वह सुबह से रोडवेज, केमू स्टेशन के चक्कर काट रहे थे। अब हल्द्वानी जाने वाली टैक्सी भी नहीं मिल रही है। करीब पांच घंटे से इधर से उधर भटक रहे हैं। केमू स्टेशन पर गरुड़ जाने वाली बस का इंतजार कर रहीं जानकी देवी ने बताया कि तीन घंटे से बस स्टेशन पर बैठे हैं। पांच लोग उनके साथ हैं, लेकिन गाड़ी और टैक्सी नहीं मिल रही हैं। संवाद
आज टैक्सियों के चक्के भी रहेंगे जाम
बागेश्वर। शिव शक्ति टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष पुष्कर जोशी ने बताया कि कुमाऊं मंडल टैैक्सी यूनियन महासंघ ने आंदोलन को समर्थन दिया है और तीन जनवरी को टैक्सियों का संचालन पूरी तरह बंद करने को कहा है। जिले में भी आंदोलन के समर्थन में बुधवार को टैक्सी संचालन पूरी तरह ठप रहेगा।
दूध और सब्जी की परेशानी नहीं
बागेश्वर। जिले में ट्रकों की हड़ताल का अधिक असर नहीं दिख रहा है। आंचल दूध की सप्लाई सुचारू है। व्यापारी सूरज जोशी ने बताया कि जिले में राशन और दूध का संकट नहीं है। सब्जी विक्रेता भूपेंद्र जोशी ने बताया कि हड़ताल से पहले सब्जी आई थी। नगर की सभी दुकानों में पर्याप्त मात्रा में सब्जी उपलब्ध है। किसी सब्जी के दाम नहीं बढ़े हैं।