बदहाल कौसानी-कांटली सड़क पर चलना संभलकर।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ों की रानी कौसानी इन दिनों देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से गुलजार है। यहां से पर्यटक रुद्राधारी और पिनाकेश्वर मंदिर के दर्शन को भी जाते हैं। मंदिरों को जाने वाली सात किमी लंबी कौसानी-कांटली सड़क की सेहत खराब होने से सैलानियों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सड़क पर बड़े गड्ढे पड़ने से पूरी सड़क तालाब में तबदील हो गई है।
लोनिवि की उदासीनता के चलते सड़क की हालत बहुत ही बुुरी हो चुकी है। हल्की बारिश पर ही सड़क पर पानी भर जाता है जिससे वाहनों के आने-जाने में कई परेशानियां हो रही हैं। दुर्घटना की भी संभावना बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों ने लोनिवि से जल्द ही सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
सुलभ शौचालय का ताला खुला
कौसानी-कांटली सड़क के कांटली में पर्यटन विभाग की ओर से लाखों रुपये की लागत से वर्षों पूर्व निर्मित सुलभ शौचालय पर लगे ताले आखिरकार अब खोले गए हैं। इस पर अमर उजाला ने गत महीने में विस्तार से खबर प्रकाशित की थी। शौचालय में एक पर्यावरण मित्र की भी तैनाती हो गई है।
यात्री विश्रामालय में खोली दुकान
पर्यटन विभाग की ओर से कांटली में सैलानियों के विश्राम की सुविधा के लिए यात्री विश्रामालय का निर्माण किया गया है। विश्रामालय में क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी दुकान सजा दी है। दुकान खुलने में सैलानी असहज महसूस कर रहे हैं।