जिले में कारगिल शहीद दिवस शौर्य दिवस के रूप में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह आठ बजे एनसीसी अधिकारी दीप चंद्र जोशी के संचालन में स्थानीय विद्यालयों के बच्चों, एनसीसी कैडेट और एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने नुमाइशखेत मैदान से नगर के प्रमुख बाजारों से होकर रैली निकाली। अतिथियों, प्रशासन, पुलिस ओर पूर्व सैनिक संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने शहीदों की प्रतिमाओं में शहीद मोहन सिंह और शहीद राम सिंह बोरा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रृद्धांजलि अर्पित की।
स्वराज भवन में आयोजित कार्यक्रम में शहीद मोहन सिंह के पिता सिपाही हिम्मत सिंह और शहीद राम सिंह बोरा के भाई सूबेदार बलवंत सिंह को साल भेंटकर सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि देश शहीदों के बलिदान हमेशा याद रखना होगा। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख बागेश्वर रेखा खेतवाल थीं। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डीडी पंत ने कारगिल शहीदों के जीवन परिचय औ उनके बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहां एनसीसी अधिकारी कर्नल रितेश अग्रवाल, डीएम रंजना आदि थे। इस मौके पर जिले में शहीद स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया है।
सीडीओ को बैठक आहूत कर स्थान चयनित करने को कहा। विधायक चंदन राम दास और विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शौर्य दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न विद्यालयों में निबंध और भाषण प्रतियोगिता में प्रथम ,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिकाध्यक्ष गीता रावल और संचालन राइंका के प्रवक्ता दीप चंद्र जोशी ने किया। वहां रणजीत सिंह बोरा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इंद्र सिंह परिहार, दलीप सिंह खेतवाल, नरेंद्र खेतवाल, बाला दत्त तिवारी, व्यापार संघ के अध्यक्ष हरीश सोनी, दीपक पाठक आदि थे। इसके बाद चंडिका मंदिर में वन विभाग, वृक्ष प्रेमी किशन मलडा एवं सामाजिक कार्यकर्ता भुवन कांडपाल के सहयोग से पौधरोपण हुआ।
बच्चों ने जवानों के लिए राखियां भेजीं
कारगिल दिवस के मौके पर एंजल्स अकादमी कपकोट के बच्चों ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुर्नवास अधिकारी कमांडर डीडी पंत के माध्यम से सियाचिन में तैनात सेना के जवानों के लिए राखियां भेजी। इस मौके पर प्रबंधक भारत गढ़िया, सचिव कमला गढ़िया, प्रधानाचार्य बीसी पंत, कविता गढ़िया आदि थे। उधर, राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपकोट के प्रधान पूर्व प्रधान पूरन कपकोटी थे। इस मौके पर कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में कई पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. केके पंत और संचालन कार्यक्रम अधिकारी ममता सुयाल ने किया। वहां डॉ. नीता साह, डॉ. पीके झा, दीपा आर्या, भूपाल कपकोटी और भूपेश गढ़िया आदि थे।