राज्य स्तरीय निशानेबाजी में स्वर्ण पदक विजेता पंकज कालाकोटी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। ककड़ात गांव के पंकज कालाकोटी ने राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने आठवीं बार यह कारनामा कर जिले का नाम रोशन किया है। 19वीं राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन एक से 11 फरवरी तक जसपाल राणा निशानेबाजी संस्थान देहरादून में किया गया था। प्रतियोगिता में दो नागा इंफेंट्री बटालियन में सिपाही के पद पर तैनात पंकज ने 50 मीटर फ्री पिस्टल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में देश भर के एक हजार से अधिक निशानेबाजों ने भागीदारी की थी। प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले पंकज को केवल एक महीना ही अभ्यास करने का मौका मिला जिसके कारण वह 10 मीटर एयर पिस्टल में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। हालांकि जीत के बाद उनके हौसले बुलंद हैं। पंकज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता व कोच त्रिलोक सिंह कालाकोटी को दिया है।