कांडा में एसडीएम को ज्ञापन देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा की एक स्टाफ नर्स का स्थानांतरण होने से क्षेत्रवासी भड़क गए हैं। लोगों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिना प्रतिस्थानी के स्टाफ नर्स का स्थानांतरण नहीं करने की मांग की है। स्थानांतरण करने पर क्षेत्रवासियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसडीएम के माध्यम से डीएम को भेजे ज्ञापन में क्षेत्रीय जनता ने कहा है कि कांडा सीएचसी पहले से ही स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। अब बिना प्रतिस्थानी के ही मेल स्टाफ नर्स महेंद्र थापा का स्थानांतरण अन्यत्र कर दिया गया है। कहा कि यदि इसी तरह स्वास्थ्य कर्मियों का स्थानांतरण किया गया तो यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो जाएंगी।
लोगों ने डीएम से शीघ्र स्थानांतरण रद्द करने की मांग की। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि यदि उनकी मांग अनसुनी की गई तो इसके खिलाफ उन्हें आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। लोगों ने पिछले लंबे समय से बंद पड़ी 108 सेवा के संचालन की मांग भी उठाई।
कहा कि टायर के अभाव में वाहन एक माह से अस्पताल परिसर में खड़ा है। क्षेत्रीय जनता को आपातकालीन सेवा नहीं मिल पा रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र नगरकोटी, प्रकाश सिंह, प्रकाश चंद्र, बबलू कांडपाल, धीरेंद्र सिंह, अमित सिंह, आलम मेहरा, गोपाल सिंह, भूपाल सिंह, बलबीर सिंह आदि शामिल थे।