गरुड़ (बागेश्वर)। कुटोलिया-भेंटा के गोलू मंदिर में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन शुरू हुआ। कथावाचक प्रमोद पांडे ने कहा कि संस्कार ही इंसान को सफलता की ओर ले जाते है। उन्होंने हर इंसान से सत मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन शुुरू होने से पहले भेंटा-कुटोलिया के लोहुमी परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और बाजे-गाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली।
इसमें लोहुमी परिवार के सभी सदस्यों ने भागीदारी की। कथावाचक पांडे ने संस्कार पर प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि परिवार का मुखिया संस्कारवान होगा तो बच्चें भी संस्कारवान बनेंगे। कहा कि संस्कार ही मनुष्य को सफलता का मार्ग दिखाती है। कथा प्रवचन के बाद संगीतकार भाष्कर जोशी ने मधुर वन में कीर्तन, भजन का गायन किया। जनार्दन लोहुमी और दीपक लोहुमी ने बताया कि मंदिर में रात को कीर्तन मंडली होती है और चार जून को मंदिर में भव्य भंडारा होगा।
बागेश्वर। कमस्यारघाटी के कपूरी गांव स्थित गुफा देवी मैय्या के मंदिर में आयोजित देवी भागवत कथा सुनने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। कथा वाचक पंडित राधाकृष्ण जोशी ने कहा कि भागवत पुराण में लिखी बातें सही हैं। कहा कि भागवत कथा सुनने मात्र से ही भक्त सागर से पार हो जाता है।
मां की सच्चे मन से आराधना करने वालों को कभी भी दुख नहीं आता है। उन्होंने लोगों से कहा कि पुुराणों में लिखी बातों को ध्यान से सुनें और उन्हें अपने जीवन में उतारें। वहां मुख्य यजमान हरक सिंह राठौर, प्रेम सिंह राठौर, मान सिंह राठौर, पंडित मोहन चंद्र जोशी, धीरेंद्र जोशी, मनोज राठौर, गोपाल सिंह, त्रिलोक मेहरा, आनंद मेहरा, रणजीत सिंह बिक्की आदि थे। ब्यूरो